तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक, हर घर पर लहराएं तिरंगा – डॉ. धन सिंह रावत

श्रीनगर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को श्रीनगर, श्रीकोट एवं खिर्सू क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देशभक्ति के नारों से गूंजते वातावरण में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

श्रीकोट पेट्रोल पंप से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। वहीं श्रीनगर एवं खिर्सू क्षेत्र में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। तीनों स्थानों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के जीवन एवं योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष से परिचित कराना है।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में प्रो. विनिता रावत, प्रो. दीपा हटवाल, प्रो. अनिल द्विवेदी, डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. बीपी नैथानी, तहसीलदार दीपक भंडारी, खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित मुकेश बहुगुणा, मुकेश काला, गणेश भट्ट, यशीश रावत एवं अतुल उनियाल समेत विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भारी बारिश में तमक नाला उफना, वैली ब्रिज बहा, वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम तेज

Wed Aug 12 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। नीती घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया था। नाले के तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर बना वैली ब्रिज बह गया। इससे नीती घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। घटना में एक व्यक्ति और […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!