डीएम स्वाति एस. भदौरिया की पहल से संवरा बालिकाओं का भविष्य, स्कूलों से जुड़ीं संप्रेक्षण केंद्र की बेटियां

  • किताबों से दोस्ती, हुनर से आत्मनिर्भरता की राह; कोई सरकारी नौकरी तो कोई देश-समाज की सेवा का देख रही सपना

कोटद्वार। सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा और कौशल विकास नई उम्मीदों के द्वार खोल रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर केंद्र की बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब वे नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई कर रही हैं। कभी विद्यालय से दूर रहीं इन बालिकाओं की आंखों में अब बेहतर भविष्य के सपने हैं। कोई पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा के माध्यम से अपनी पहचान बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

डीएम के निरीक्षण में सामने आई थी पढ़ाई से वंचित होने की स्थिति

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गत 18 अक्टूबर को केंद्र का निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों से सीधा संवाद किया था। इस दौरान बालिकाओं ने बताया कि वे विद्यालय नहीं जाती हैं। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए जिला परिवीक्षा अधिकारी को तत्काल बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। प्रशासनिक पहल के बाद बालिकाओं का स्कूलों में प्रवेश कराया गया और अब वे नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।

पढ़ाई के साथ योग, पेंटिंग और क्राफ्टिंग का प्रशिक्षण

केंद्र में बालिकाओं की शिक्षा के साथ उनके व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। स्कूली पढ़ाई के अलावा उन्हें योगाभ्यास, पेंटिंग, क्राफ्टिंग सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को पहचान देने और उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन के लिए तैयार करना है।

हुनर को आत्मनिर्भरता का आधार बनाने की पहल

केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट ने बताया कि बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने के साथ ही उनके कौशल विकास के लिए नियमित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पेंटिंग और क्राफ्टिंग जैसे प्रशिक्षण में बालिकाएं उत्साह के साथ भाग ले रही हैं और धीरे-धीरे इन विधाओं में दक्षता हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सीखे जा रहे ये हुनर बालिकाओं के पुनर्वास और भविष्य में आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

किसी को सरकारी नौकरी तो किसी को देशसेवा का सपना

केंद्र में रह रही बालिकाओं के सपनों को अब शिक्षा का सहारा मिल रहा है। उनका कहना है कि यहां उन्हें पढ़ाई जारी रखने के साथ अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। वे मन लगाकर पढ़ाई करना चाहती हैं और अपने पैरों पर खड़े होकर भविष्य में एक अलग पहचान बनाना चाहती हैं। बालिकाओं के इन संकल्पों में आत्मनिर्भर बनने की आकांक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन जीने की उम्मीद भी झलक रही है।

शिक्षा और हुनर से आत्मनिर्भर बनेंगी बालिकाएं : डीएम

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्रों में रह रहे बच्चों को भी शिक्षा, विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान बालिकाओं के विद्यालय नहीं जाने की जानकारी मिलने पर उनके दाखिले के निर्देश दिए गए थे। अब वे नियमित रूप से पढ़ाई कर शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनके सर्वांगीण विकास और कौशल संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐसे अन्य बच्चों को भी विद्यालयों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित हैं। उद्देश्य है कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिले।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मोहनचट्टी में 71.61 लाख से विकसित हुआ आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर, विधायक रेनू बिष्ट ने किया शुभारंभ

Thu Nov 12 , 2026
पहाड़ी वास्तुशैली में संवरा चिकित्सालय परिसर, हाईटेक योग हॉल और पंचकर्म सुविधाओं से बढ़ेगा वेलनेस पर्यटन; स्थानीय रोजगार को भी मिलेगी रफ्तार यमकेश्वर। ऋषिकेश के निकट मोहनचट्टी अब आयुर्वेदिक वेलनेस और स्वास्थ्य पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में 71.61 लाख रुपये की […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!