देहरादून : जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ प्रवर्तन की सख्ती भी देखने को मिली। जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पारिवारिक कलह, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा और नगर निगम से जुड़ी कुल 195 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। डीएम ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
जनता दरबार में विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और कमजोर वर्ग की समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इन वर्गों की सुरक्षा और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने शिकायत की कि उनकी माता के नाम दर्ज भूमि पर विवाद न्यायालय में लंबित होने के बावजूद पड़ोसी द्वारा पेड़ काटे जा रहे हैं। इस पर डीएम ने मौके पर ही एसडीएम को अग्रिम न्यायालय आदेश तक भूमि की यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
कोटरा संतूर निवासी भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएम ने जांच रिपोर्ट में आरोप निराधार पाए जाने पर एसडीएम विकासनगर को उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए और थाने में दर्ज प्राथमिकी हटवाने को कहा।
डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने अपने बेटे और बहू से जान-माल के खतरे की शिकायत की। मामला तहसील में लंबित होने पर जिलाधिकारी ने इसे तत्काल जिला कार्यालय मंगवाकर फास्ट ट्रैक सुनवाई के निर्देश दिए।
जौलीग्रांट की बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर ने सेवानिवृत्त शिक्षक पति के इलाज के लिए किए गए ₹1.37 लाख के चिकित्सा बिल का भुगतान न मिलने की समस्या बताई। इस पर डीएम ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल आख्या तलब की।
एटनबाग क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण से सिंचाई बाधित होने की शिकायत की, जिस पर अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
डालनवाला में एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा फर्जी जमीन दिखाकर ₹8 लाख की ठगी के मामले में क्षेत्राधिकारी पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग छज्जू राम ने पुत्रवधू द्वारा मारपीट और घर से निकालने के दबाव की शिकायत की, जिस पर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हरिपुर कलां के 80 वर्षीय बुजुर्ग ने निजी भूमि और सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर एसडीएम को जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कारगी चौक निवासी ममता नौटियाल ने सीवर लाइन बिछाने में उनके घर को छोड़ देने की समस्या बताई। डीएम ने संबंधित संस्था को तत्काल समाधान करने को कहा। डोईवाला निवासी दीपा की निःशुल्क अधिवक्ता की मांग को विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा गया।
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
The post नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी की भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास; ऑन द स्पॉट डीएम सविन बंसल ने एसडीएम को अग्रिम आदेश तक यथा स्थिति बनाए रखने के दिए निर्देश first appeared on doonvoice.

