उत्तराखण्ड : पिथौरागढ़ की वादियों में दिखी दुर्लभ ‘गोल्डक्रेस्ट’ की झलक

पिथौरागढ़ : उत्तराखण्ड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ की दारमा घाटी में दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट (Goldcrest) दिखाई दिया है। करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर नागलिंग क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी के नजर आने से पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह है। विशेषज्ञ इसे क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण का संकेत मान रहे हैं।
 
विंग्स फाउंडेशन के निदेशक एवं पक्षी प्रेमी जगदीश भट्ट ने नागलिंग क्षेत्र में इस नन्हे पक्षी को देखा और कैमरे में कैद किया। उनके मुताबिक, गोल्डक्रेस्ट की लंबाई लगभग 8 से 10 सेंटीमीटर और वजन महज 4.5 से 7 ग्राम होता है। छोटे आकार के बावजूद यह पक्षी काफी सक्रिय रहता है।
 
सुनहरी कलगी से होती है गोल्डक्रेस्ट की पहचान
गोल्डक्रेस्ट के सिर पर मौजूद सुनहरे रंग की मुकुट जैसी कलगी इसकी सबसे खास पहचान है। यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में पाया जाता है और छोटे कीटों व मकड़ियों को अपना भोजन बनाता है।
 
जगदीश भट्ट के अनुसार, दारमा घाटी के शंकुधारी और जुनिपर के जंगल इस पक्षी के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास हैं। वहीं, पिथौरागढ़ के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने भी इसके दिखाई देने पर खुशी जताई और दुर्लभ पक्षियों के वैज्ञानिक अध्ययन व दस्तावेजीकरण पर जोर दिया।
 
पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी
विशेषज्ञों का मानना है कि शंकुधारी वनों का घटता दायरा और बढ़ती पर्यटन गतिविधियां दुर्लभ पक्षियों के प्राकृतिक आवास के लिए चुनौती बन सकती हैं। ऐसे में आदि कैलाश और दारमा घाटी जैसे पर्यटन क्षेत्रों में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना जरूरी है, ताकि गोल्डक्रेस्ट जैसे दुर्लभ पक्षियों का प्राकृतिक आवास सुरक्षित रह सके।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

डीएम स्वाति एस. भदौरिया की पहल से संवरा बालिकाओं का भविष्य, स्कूलों से जुड़ीं संप्रेक्षण केंद्र की बेटियां

Thu Nov 12 , 2026
किताबों से दोस्ती, हुनर से आत्मनिर्भरता की राह; कोई सरकारी नौकरी तो कोई देश-समाज की सेवा का देख रही सपना कोटद्वार। सिम्बलचौड़ स्थित राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा और कौशल विकास नई उम्मीदों के द्वार खोल रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!