श्री दरबार साहिब में आस्था का महासागर, श्री झण्डे जी पर झुके लाखों शीश, श्री गुरु राम राय जी महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से गूंजी द्रोणनगरी

  • श्री दरबार साहिब में शाम 4 बजकर 12 मिनट पर हुआ श्री झण्डे जी का आरोहण

देहरादून। “झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून, संगतां मनाले खुशियां, खुशियां नाल मनाईये जन्मदिन सद्गुरु दा, देखो-देखो गुरां दा झण्डा चढ़या” जैसे ही यह श्रद्धा से भरे स्वर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में गूंजे, पूरा वातावरण गुरु भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो उठा। रविवार को लाखों श्रद्धालुओं और दूनवासियों की पावन उपस्थिति में श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब का भव्य आरोहण हुआ।

जैसे ही श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश पर आरोहण की प्रक्रिया आरंभ हुई, पूरी द्रोणनगरी श्री गुरु महाराज जी के जयकारों से गूंज उठी। ठीक शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का आरोहण पूर्ण हुआ। इस दिव्य क्षण का साक्षी बनते ही संगतों ने “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” और जय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के गगनभेदी जयकारे लगाए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे। इसी के साथ देहरादून की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर श्री झण्डे जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।

आस्था के महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब

रविवार को सूर्योदय से पहले ही श्री दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से आई संगतों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से श्री झण्डे जी के समक्ष शीश नवाया और श्री गुरु महाराज जी के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य माना। पूरे परिसर में तिल रखने तक की जगह नहीं थी। हर कोई गुरु महाराज की कृपा पाने और श्री झण्डा साहिब के समक्ष मत्था टेकने को आतुर दिखाई दिया।

दूध, घी, शहद और गंगाजल से हुआ पवित्र स्नान

सुबह 7 बजे से विशेष पूजा-अर्चना आरंभ हुई। 8ः30 बजे श्रद्धालुओं ने पवित्र ध्वज दंड श्री झण्डे जी को उतारा और विधि-विधान से पूजा की। संगतों ने अत्यंत श्रद्धा के साथ दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र ध्वज का अभिषेक किया। इसके बाद 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी पर पहले सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान एक विशेष परंपरा निभाई जाती है। पूरी प्रक्रिया में श्री झण्डे जी को एक क्षण के लिए भी जमीन पर नहीं रखा जाता, बल्कि संगतें अपने हाथों पर उसे थामे रहती हैं।

दर्शनी गिलाफ चढ़ते ही उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

दोपहर करीब 1ः30 बजे जैसे ही दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई, संगतों की भावनाएं उमड़ पड़ीं। हजारों श्रद्धालु उस पवित्र गिलाफ को स्पर्श कर पुण्य अर्जित करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और गुरु महिमा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

गुरु की कृपा से जगमगाई द्रोणनगरी

नए मखमली वस्त्र और सुनहरे गोटों से सुसज्जित श्री झण्डा साहिब का आरोहण होते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु लकड़ी की कैंचियों को थामकर पवित्र ध्वज को ऊंचाई तक पहुंचाने में सहभागी बने। यह दृश्य श्रद्धा, समर्पण और गुरु प्रेम की अनुपम मिसाल बना रहा।

“देशवासियों पर सदैव बनी रहे श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा”

श्री झण्डे जी के आरोहण के बाद श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश व प्रदेशवासियों और संगतों को श्री झण्डा जी महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रेम, सद्भावना, भाईचारे, उल्लास और अमन-चैन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री झण्डे जी के समक्ष शीश नवाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, इसी कारण देश-विदेश से संगतें हर वर्ष इस पावन बेला की प्रतीक्षा करती हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की असीम कृपा देश व प्रदेशवासियों और संगतों पर सदैव बनी रहे।

बाज के दर्शन को माना गया दिव्य दर्शन

श्री झण्डे जी आरोहण के बाद एक बाज ने श्री झण्डे जी की परिक्रमा की। श्रद्धालु इसे हर वर्ष की तरह श्री गुरु राम राय जी महाराज की सूक्ष्म दिव्य उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं। इस अद्भुत दृश्य ने संगतों की श्रद्धा को और भी गहरा कर दिया और पूरा परिसर भक्ति के उल्लास से झूम उठा।

एलईडी स्क्रीनों और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण

मेले के दिव्य दृश्य को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए इस बार 5 बड़ी एलईडी स्क्रीनों लगाई गईं। साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से भी श्री झण्डे जी आरोहण का सीधा प्रसारण किया गया। ड्रोन कैमरों से की गई भव्य कवरेज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

देश-विदेश से पहुंची संगतें

उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से संगतें यहां पहुंचीं। विदेशों से आई संगतों ने भी इस दिव्य अवसर पर श्री झण्डे जी के दर्शन कर श्री गुरु महाराज जी की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए ढोल की थाप पर झूमते नजर आए।

पवित्र सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी

श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में स्नान कर श्री गुरु महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

पुलिस, प्रशासन और मीडिया का जताया आभार

श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और दूनवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की ओर से सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राज्य स्तरीय “न्याय संहिता प्रदर्शनी” के दूसरे दिन विद्यार्थियों और आमजन की उत्साहपूर्ण सहभागिता

Sun Mar 8 , 2026
हरिद्वार : 7 से 11 मार्च 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय न्याय संहिता प्रदर्शनी के दूसरे दिन आज जनपद हरिद्वार में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए न्याय संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। इस अवसर […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!