उत्तरकाशी के चार बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग के लिए चयनित

उत्तरकाशी। पीएम श्री राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज, उत्तरकाशी के विज्ञान भवन में आयोजित जनपद स्तरीय द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 में जिले के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, नौगांव और पुरोला विकासखंडों से चयनित कुल 36 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘सतत भविष्य के लिए परिवर्तनकारी विचार/दृष्टिकोण’ रखी गई थी। प्रतियोगिता के दौरान लिखित परीक्षा एवं क्विज के साथ बहुविकल्पीय, विजुअल, वीडियो, रैपिड फायर और बजर राउंड आयोजित किए गए।

सीनियर वर्ग में जीआईसी डुंडा की छवि नौटियाल ने प्रथम, सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी ने द्वितीय तथा बेस्ट हिल ग्रीन पब्लिक स्कूल बड़कोट के आदित्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में जीआईसी बनचौरा के सभित रावत प्रथम, जीआईसी मजगांव की देशनवी भट्ट द्वितीय तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल लाटा के ओम नेगी तृतीय स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली और जिला समन्वयक लोकेंद्र सिंह परमार ने प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुरस्कार, मेमेंटो और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली ने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक सोच विकसित करने का आह्वान किया। जिला समन्वयक लोकेंद्र सिंह परमार ने बताया कि जनपद से चयनित चार सदस्यीय टीम आगामी 23-24 अक्टूबर को विज्ञान धाम, देहरादून में प्रस्तावित राज्य स्तरीय साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रीमियर लीग-2026 में उत्तरकाशी का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम में जीआईसी गढ़ बरसाली के प्रधानाचार्य अनिल बिष्ट, जीआईसी पुरोला के प्रवक्ता रसायन विज्ञान वीरेंद्र सिंह पंवार और जीआईसी रोंतल के विज्ञान शिक्षक गंभीर पाल राणा मुख्य निर्णायक के रूप में मौजूद रहे। क्विज का संचालन गंभीर पाल राणा ने किया।

इस अवसर पर प्रवीण कुमार, प्रवीण राणा, संजय राणा, रोहिणी बिष्ट, सरिता राठौर, कल्पना असवाल, अशोक चौहान, विजय प्रकाश गौड़, प्रताप सिंह, आशीष सेमवाल, शिखा भद्री और देवेश सेमवाल सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बदरीनाथ पहुंचे CM धामी, दर्शन के साथ विकास कार्यों का लिया जायजा

Tue Sep 22 , 2026
बदरीनाथ धाम : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने बदरीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आस्था […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!