कुंभ मेला-2027 : मेलाधिकारी सोनिका ने की कार्यों की प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को सभी तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश

हरिद्वार : कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन कार्यों के लिए सैद्धांतिक सहमति दी जा चुकी है, उनके लिए औपचारिक स्वीकृति की प्रतीक्षा किए बिना तुरंत निविदा आमंत्रण की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। साथ ही, ऐसी योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ करने हेतु सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा से पहले पूरे हो सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े विभागों के अधिकारियों की मेला कार्यालय में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति तथा प्रस्तावित योजनाओं को लेकर विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग पिछले कुंभ मेले में उपलब्ध कराई गई सामग्री का इस बार अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करें तथा अस्थायी व्यवस्थाओं में प्रयुक्त होने वाली सामग्रियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करें।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यों के औचित्य का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और किसी भी स्थिति में व्यवस्थाओं का दोहराव न हो। इसके लिए मेला प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों की टीम द्वारा क्रॉस-चेकिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

मेलाधिकारी ने यह भी कहा कि मेला क्षेत्र में दशकों पुराने जर्जर कुओं से जन-जीवन को खतरा हो सकता है, इसलिए ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाएं। आगामी कांवड़ मेले से पूर्व पुलों का रंग-रोगन कराने तथा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कुंभ मेला के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को सभी सेक्टरों में पर्याप्त स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक उपकरणों की समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा, तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, यूपीसीएल, परिवहन, ग्रामीण निर्माण विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जनदर्शन में डीएम सविन बंसल का त्वरित एक्शन, 212 से अधिक शिकायतों पर मौके पर निर्णय, 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग के पानी का बिल करवाया माफ़

Mon Apr 6 , 2026
82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल का पानी का 31657 का बिल डीएम सविन बसंल ने करवाया माफ; वन टाइम सेटलमेंट उपरान्त रूपये 20170 राइफल फंड से जमा पुत्र की मृत्यु उपरान्त 2023 से न्याय को भटकती माता मीना बसंल को मिला जिला प्रशासन का सहारा; नियोक्ता फर्म पर मुकदमा व […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!