जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर समस्या का हो समयबद्ध समाधान – डीएम स्वाति एस. भदौरिया

पौड़ी : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंगलवार को श्रीनगर तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। तहसील दिवस के उपरांत उन्होंने पौड़ी से पहुंचे सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को श्रीनगर स्थित अपने-अपने विभागीय कार्यालयों तथा अधिष्ठानों का निरीक्षण कर ही मुख्यालय लौटने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने स्वयं तहसील कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम प्रधान बछेली कुलदीप गुसाईं ने सुमाड़ी में निर्माणाधीन डंपिंग जोन से अमधार तल्ली के पेयजल स्रोत की गुणवत्ता प्रभावित होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान, निर्माणदायी संस्था एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बलडी तोक में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की शिकायत पर उन्होंने दो दिवस के भीतर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में संयुक्त निरीक्षण कर पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, पार्षद संदीप सिंह रावत द्वारा वार्ड-40 में प्रस्तावित खेल मैदान एवं विद्युत उपसंस्थान के लिए चिन्हित भूमि के लंबित हस्तांतरण का मामला उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने यूपीपीसीएल से उप-संस्थान की प्रशासनिक स्वीकृति उपलब्ध कराने तथा उपजिलाधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर आख्या पूर्ण करने के निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय में लंबित राजस्व एवं फौजदारी वादों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में बार-बार सुनवाई के बावजूद प्रगति नहीं हो रही है, उन्हें अंतिम अवसर प्रदान कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारित किया जाए। उन्होंने कुछ प्रकरणों में एक ही कार्य के लिए 15-15 तिथियां देने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से वाद लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। साथ ही उन्होंने अधिक दिनों से लंबित पत्रावलियों की नियमित समीक्षा स्वयं करने तथा न्यायिक कार्यों में समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तहसील कार्यालय के सभी अनुभागों का विस्तृत निरीक्षण कर कमियों सहित समग्र निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नजारत अनुभाग में अभिलेखों एवं पत्रावलियों का रखरखाव संतोषजनक न पाए जाने पर नायब नजीर से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

संग्रह अनुभाग में राजस्व लेखाकार के पटल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कम वसूली करने वाले अमीनों का वेतन रोकने तथा लंबित वसूली में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, कार्मिक उपस्थिति पंजिका तथा भूलेख अनुभाग के मॉडर्न रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। खतौनी रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो को निर्देश दिए कि अभिलेखों का रखरखाव पूरी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम की कार्यशीलता परखने के लिए स्वयं दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर संचार व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण में उपलब्ध उपकरणों एवं संचार संसाधनों की स्थिति का अवलोकन करते हुए सभी उपकरणों को पूर्णतः क्रियाशील एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, 24×7 सतर्कता बनाए रखने, आवश्यक संपर्क सूची नियमित रूप से अपडेट करने तथा संचार व्यवस्था में किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित तहसील के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

 

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नीलकंठ यात्रा मार्ग पर पुलिस की तत्परता से बची श्रद्धालु की जान

Wed Aug 5 , 2026
लक्ष्मणझूला : श्री नीलकंठ महादेव यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तैनात पुलिसकर्मी निरंतर सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज 04 अगस्त 2026 को पुण्डरासू चौक पर ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश तिवारी एवं उनकी टीम […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!