एसडीएम संदीप कुमार ने शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम किया निरीक्षण, रसोईघर की बदहाल सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

  • डीएम के निर्देशों के बाद कोटद्वार स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्माण कार्यों ने पकड़ी रफ्तार
  • निरीक्षण में कार्यों की प्रगति संतोषजनक, रसोई की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी कोटद्वार द्वारा शुक्रवार को शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का जायज़ा लिया गया। एसडीएम संदीप कुमार ने निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि रसोईघर में साफ-सफाई की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया गया था। उस दौरान ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में किए गए निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्टेडियम परिसर में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आई है तथा कार्य त्वरित गति से संचालित किए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में स्टेडियम में चल रहे सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को मई माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायज़ा लिया गया। परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित पाया गया तथा शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक मिली, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों एवं खेल गतिविधियों से जुड़े युवाओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

वहीं, स्टेडियम स्थित रसोईघर के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। रसोई में स्वच्छता मानकों का समुचित पालन न होने पर उपजिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्टेडियम इंचार्ज को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, रसोई व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा स्वच्छता संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

उप जिलाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेडियम की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आवास संघ करेगा सहकारिता से जुड़े निर्माण कार्य – डॉ. धन सिंह रावत

Sun May 17 , 2026
समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री ने दिये अधिकारियों को निर्देश कहा – शीर्ष सहकारी संस्था करेगी सामुहिक सहकारी खेती योजना का संचालन देहरादून : सूबे में सहकारिता से जुड़े सभी निर्माण कार्य उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ के माध्यम से किये जायेंगे। आवास संघ कार्यदायी संस्था के तौर पर […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!